dainikmadhurdarpan.in

भारत सरकार मै रजिस्टर्ड न्यूज़ पोर्टल

माचलपुर ने खोया अपना हुनरमंद समाजसेवी और भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता, पार्षद चन्द्रशेखर मारू ‘चन्दु जी’ का आकस्मिक निधन।

माचलपुर ने खोया अपना हुनरमंद समाजसेवी और भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता, पार्षद चन्द्रशेखर मारू ‘चन्दु जी’ का आकस्मिक निधन।

माचलपुर (आकाश शर्मा संपादक)। माचलपुर क्षेत्र के लिए रविवार का दिन बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाला रहा। नगर के समाजसेवी, कुशल कारीगर, जनता और किसानों की सेवा में सदैव तत्पर रहने वाले तथा भारतीय जनता पार्टी से जुड़े नगर परिषद माचलपुर के पार्षद श्री चन्द्रशेखर जी मारू (चन्दु जी) का आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।

चन्द्रशेखर जी मारू अपने सरल, सहज और मिलनसार व्यवहार के लिए लोगों के बीच विशेष पहचान रखते थे। अपने हुनर और मेहनत के दम पर उन्होंने न केवल अपनी अलग पहचान बनाई, बल्कि जरूरतमंदों, किसानों और आमजन की सेवा के लिए हमेशा आगे खड़े दिखाई दिए। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रियता और लोगों के प्रति अपनापन उन्हें दूसरों से अलग बनाता था। एक कुशल कारीगर, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी अपनी विशिष्ट पहचान थी। नगर परिषद के पार्षद के रूप में भी वे अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहते थे। उनके असमय चले जाने से परिवार ने अपना प्रिय सदस्य, मित्रों ने अपना आत्मीय साथी और नगर ने एक सक्रिय जनप्रतिनिधि खो दिया है।

भाजपा परिवार के लिए भी यह क्षति बेहद पीड़ादायक है। पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता और क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने वाले चन्दु जी का यूं अचानक चले जाना हर किसी को भीतर तक झकझोर गया। उनके परिचितों और शुभचिंतकों का कहना है कि वे अपने काम और व्यवहार के जरिए हमेशा लोगों के बीच याद किए जाएंगे। स्वर्गीय श्री प्रभुलाल जी मारू के सुपुत्र चन्द्रशेखर जी मारू अपने पीछे भाई राजेश, नवीन, राकेश, आशीष एवं मनीष सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वे ऋषभ एवं चीनु के पूज्य पिता थे। उनके निधन से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

चन्द्रशेखर जी मारू की अंतिम यात्रा रविवार सुबह 9 बजे उनके निज निवास माचलपुर से मुक्तिधाम के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में नगर के बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग शामिल हुए। हर आंख नम थी और हर चेहरा गमगीन नजर आया। लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय चन्दु जी को अंतिम विदाई दी।उनके निधन से माचलपुर ने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया, जो अपने हुनर, सेवा भावना और सरल व्यवहार के कारण लंबे समय तक लोगों के दिलों में जीवित रहेगा।

ईश्वर पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

ॐ शांति। ॐ शांति। ॐ शांति।✍️

error: Content is protected !!