✍️घूम घाटी में मौत का तांडव! अज्ञात वाहन की टक्कर से इकलौते बेटे की मौत, साथी गंभीर।
माचलपुर से गोघटपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, 24 वर्षीय कृष्णपाल (चौहान) राजपूत ने मौके पर तोड़ा दम; पिता अस्पताल में गार्ड, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़।
माचलपुर, आकाश शर्मा संवाददाता । माचलपुर थाना क्षेत्र के गोघटपुर मार्ग पर घूम घाटी के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 24 वर्षीय कृष्णपाल चौहान (राजपूत) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी रोहित राठौर (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में परिवार के इकलौते बेटे को खोने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के बाद कृष्णपाल का शव परिजनों को सौंपा गया, जिसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

रात 10 बजे हुआ हादसा, सड़क पर बिखर गईं खुशियां।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे कृष्णपाल चौहान (राजपूत) अपने साथी रोहित (गोविंद )राठौर के साथ बाइक से माचलपुर से गोघटपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घूम घाटी के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कृष्णपाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रोहित को गंभीर चोटें आईं। घायल रोहित को माचलपुर में प्राथमिक उपचार के बाद झालावाड़ रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पिता अस्पताल में गार्ड, इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में।
कृष्णपाल माचलपुर में अस्पताल के सामने रहते थे। उनके पिता दिलीपसिंह चौहान (राजपूत) शासकीय अस्पताल में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं। परिवार के इकलौते बेटे की असमय मौत ने माता-पिता और परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में बेटे की मौजूदगी से रौनक रहती थी, वहां अब मातम पसरा है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस।
गुरुवार सुबह शासकीय अस्पताल माचलपुर में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके पश्चात स्थानीय मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। माचलपुर पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और हादसे के बाद मौके से फरार अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए जांच एवं तलाश शुरू कर दी है।




More Stories
दशहरा मिलन में सोंधिया राजपूत समाज ने भरी हुंकार, एकता–शिक्षा और नशामुक्ति का लिया संकल्प।
लसुडलिया प्रीमियर लीग में महादेव-11 ने मारी बाजी, धानोदा-11 रही उपविजेता।
रामायण की जीवंत झांकियों ने मोहा मन, प्रभु श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान हुआ नगर, बुराई के अंत और सत्य की जीत का दिया संदेश।