•माचलपुर अस्पताल बना परेशानियों का अड्डा! कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, सुधार नहीं तो होगा उग्र आंदोलन।
•“इलाज नहीं, सिर्फ अव्यवस्थाएं मिल रही हैं” — अस्पताल मुद्दे पर कांग्रेस का प्रशासन पर हमला।
माचलपुर (संवाददाता आकाश शर्मा)। राजगढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह के निर्देशानुसार मंगलवार को माचलपुर ब्लॉक कांग्रेस एवं नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा माचलपुर शासकीय अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार माचलपुर को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल की बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं पर गहरी चिंता जताते हुए जल्द सुधार की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि माचलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के करीब 100 से अधिक गांवों के लोगों के इलाज का मुख्य केंद्र है, लेकिन यहां लंबे समय से स्थायी डॉक्टरों की कमी बनी हुई है। महिला डॉक्टर की नियुक्ति नहीं होने से महिला मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है तथा मरीजों को पर्याप्त दवाइयां और जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। भीषण गर्मी के बावजूद अस्पताल परिसर में ठंडे पानी और कूलर जैसी व्यवस्थाओं का भी अभाव बना हुआ है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन से मांग की कि अस्पताल में 24 घंटे चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, स्थायी डॉक्टर एवं महिला डॉक्टर की नियुक्ति हो, साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार किया जाए तथा मरीजों को पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आमजन की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लगातार -प्रशासन को ज्ञापनों एवं जनआवाज़ के माध्यम से अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अब तक स्थिति में कोई बड़ा सुधार दिखाई नहीं दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी आमजनता के हित में उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यशवंतसिंह गुर्जर (पोलखेड़ा), माचलपुर नगर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र गोयल, युवा नेता देवा गुर्जर सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

More Stories
पेंशनर्स के स्वास्थ्य की चिंता: निःशुल्क चिकित्सा शिविर में डॉ. पीयूष बैसला ने दिए स्वस्थ जीवन के मंत्र..
आचार्य निर्माण का महायज्ञ शुरू: बांगपूरा में प्रारंभ हुआ सरस्वती शिशु मंदिर संकुल बाड़गांव का आचार्य अभ्यास वर्ग।
50 हजार की मांगी रिश्वत मै 20 हजार लेते रंगे हाथों पकड़ी गईं राजगढ़ CMHO, अब 5 लाख देकर लोकायुक्त में ‘सेटिंग’ की कोशिश के दावे से सनसनी..