✍️तकनीक ने खोज निकाले 251 गुम मोबाइल, राजगढ़ पुलिस ने लौटाई ₹41.34 लाख की संपत्ति।
✍️सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत साइबर सेल की बड़ी सफलता, मध्यप्रदेश सहित चार राज्यों से ट्रेस किए मोबाइल, वास्तविक धारकों को सौंपे।
राजगढ़ (आकाश शर्मा संवाददाता) । गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश में राजगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आधुनिक तकनीक और CEIR पोर्टल की मदद से 251 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को वापस सौंपे। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत 41 लाख 34 हजार 480 रुपए बताई गई है , पुलिस द्वारा सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत संचालित साइबर जागरूकता अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। साइबर सेल की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ट्रेस एंड रिटर्न’ के माध्यम से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया। मोबाइल वापस मिलने पर धारकों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।

चार राज्यों तक पहुंची साइबर सेल की तकनीकी पड़ताल।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन तथा साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक जितेन्द्र अजनारे के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी संसाधनों के जरिए मोबाइल फोन की तलाश की।इस कार्रवाई में मोबाइल फोन केवल राजगढ़ जिले से ही नहीं, बल्कि देवास, इंदौर, टीकमगढ़, शाजापुर, उज्जैन, भोपाल, रतलाम, आगर-मालवा, अशोकनगर, गुना, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, खरगोन, धार, ग्वालियर, रीवा, शिवपुरी, भिण्ड और मंदसौर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बरामद किए गए। इसके अलावा बिहार, राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश तक मोबाइल की तलाश पहुंची।यह सफलता साइबर सेल की तकनीकी दक्षता और विभिन्न जिलों एवं राज्यों की पुलिस के साथ बेहतर समन्वय का परिणाम रही।
251 लोगों को मिली उनकी खोई संपत्ति
साइबर सेल ने कुल 251 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत 41,34,480 रुपए है। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल नागरिकों को आर्थिक राहत मिली, बल्कि साइबर अपराधों की रोकथाम में तकनीक के प्रभावी उपयोग का भी उदाहरण सामने आया।
साइबर सेल टीम का सराहनीय योगदान
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक जितेन्द्र अजनारे सहित प्रआर. शशांक यादव, कुलदीप, जयप्रकाश चक्रवर्ती, आरक्षक अशोक राहोरिया, पवन मीणा, हितेश यादव, सुमित कुमार, अंतिम सोलंकी, शुभम मीणा एवं अनिकेत का विशेष योगदान रहा।
मोबाइल गुम होने पर तत्काल करें शिकायत
राजगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं तथा CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखें। वहीं, साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। राजगढ़ पुलिस की इस पहल ने साबित किया कि आधुनिक तकनीक और प्रभावी पुलिसिंग के जरिए नागरिकों की खोई संपत्ति वापस दिलाना संभव है। सेवा संकल्प अभियान के तहत चलाया गया ‘ऑपरेशन ट्रेस एंड रिटर्न’ पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बनकर सामने आया है।


More Stories
माचलपुर में नवरात्रि–दशहरा की तैयारियों पर प्रशासन अलर्ट, बुलेट के पटाखे और तेज रफ्तार पर होगी सख्ती।
लो अब कलेक्टर महोदय भी नहीं रहे फर्जी आईडी से अछूते, फोटो चुराकर बनाई फर्जी फेसबुक आईडी, लोगों से मांगे जा रहे पैसे।
वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य की रहस्यमयी मौत, चौथी मंजिल से गिरने के बाद कटा मिला प्राइवेट पार्ट।