dainikmadhurdarpan.in

भारत सरकार मै रजिस्टर्ड न्यूज़ पोर्टल

लो अब कलेक्टर महोदय भी नहीं रहे फर्जी आईडी से अछूते, फोटो चुराकर बनाई फर्जी फेसबुक आईडी, लोगों से मांगे जा रहे पैसे।

✍️लो अब कलेक्टर महोदय भी नहीं रहे फर्जी आईडी से अछूते, फोटो चुराकर बनाई फर्जी फेसबुक आईडी, लोगों से मांगे जा रहे पैसे।

राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के नाम पर साइबर ठगों का दुस्साहस; सोशल मीडिया पर फर्जीवाड़े से मचा हड़कंप, जिला प्रशासन ने जारी की सतर्कता की अपील।

राजगढ़ आकाश शर्मा संवाददाता । साइबर ठगों के हौसले अब इतने बुलंद हो चुके हैं कि आम नागरिकों के साथ-साथ जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारी को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी फेसबुक आईडी बना ली है। इस फर्जी अकाउंट के जरिए लोगों से पैसों की मांग किए जाने का मामला सामने आया है।हैरानी की बात यह है कि अब ठगों ने सीधे कलेक्टर की पहचान को ही अपने साइबर ठगी के हथियार के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। प्रतिष्ठित पदों पर बैठे अधिकारियों के नाम और तस्वीरों का दुरुपयोग कर लोगों के विश्वास को निशाना बनाने का यह गंभीर मामला है।

कलेक्टर के नाम पर ठगी का जाल, नागरिकों को किया अलर्ट।

जिला प्रशासन राजगढ़ ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के नाम से बनाई गई उक्त फेसबुक आईडी फर्जी है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि इस आईडी से आने वाले किसी भी संदेश, फ्रेंड रिक्वेस्ट अथवा पैसों की मांग पर भरोसा न करें। किसी भी परिस्थिति में राशि ट्रांसफर न करें और न ही अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा करें।

पहचान चुराकर विश्वास जीतने की कोशिश।

साइबर अपराधियों का यह तरीका बेहद चिंताजनक है। किसी बड़े अधिकारी का नाम और फोटो देखकर लोग संदेश को वास्तविक मान सकते हैं और इसी भरोसे का फायदा उठाकर ठग आर्थिक नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति की पहचान की पुष्टि किए बिना आर्थिक लेनदेन करना भारी पड़ सकता है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि फर्जी अकाउंट की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों अथवा पुलिस को दें और इस चेतावनी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

अब सवाल यह है कि जब जिले के कलेक्टर के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर ठगी की कोशिश की जा सकती है, तो आम नागरिकों की सोशल मीडिया पहचान कितनी सुरक्षित है? साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।

error: Content is protected !!