📱भक्ति में डूबा अहिरवार समाज, बाबा रामदेव सप्ताह में दिखी आस्था और एकता की अनूठी तस्वीर।
📱श्रद्धा के रंग में रंगा माचलपुर, अहिरवार समाज ने मनाया बाबा रामदेव सप्ताह.
📱भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, रातभर गूंजे भजन-कीर्तन; यज्ञ-हवन के बाद महाभोज एवं प्रसादी का आयोजन…

माचलपुर (आकाश शर्मा संवाददाता)। अहिरवार समाज द्वारा बाबा रामदेव सप्ताह का धार्मिक आयोजन श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाया गया। दो दिवसीय आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में रातभर भजन-कीर्तन की गूंज रही, वहीं अगले दिन बाबा रामदेव की भव्य शोभायात्रा ने नगर को भक्तिमय कर दिया।
22 सितंबर को रामदेव मंदिर परिसर में बाबा रामदेव सप्ताह का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर महिला-पुरुषों सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। रातभर चले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु बाबा रामदेव की भक्ति में लीन नजर आए। देर रात तक मंदिर परिसर धार्मिक भजनों और जयकारों से गूंजता रहा। 23 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात बाबा रामदेव की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जबकि विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा एवं स्वागत कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया। बाबा रामदेव के जयकारों और भजनों से नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। शोभायात्रा का समापन पुरानी मंडी प्रांगण में हुआ। यहां धार्मिक कार्यक्रम के साथ यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया। यज्ञ-हवन वेदी की मुख्य पदवी पूर्व जिला अध्यक्ष श्री बापूलाल वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी ने निभाई। विधि-विधान से हवन-पूजन कर समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना की गई।

आयोजन के समापन अवसर पर समाज की ओर से महाभोज एवं प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। बाबा रामदेव सप्ताह के पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे की झलक देखने को मिली। समाजजनों ने बताया कि बाबा रामदेव सप्ताह का आयोजन प्रतिवर्ष श्रद्धा एवं परंपरा के साथ किया जाता है। सामूहिक धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज के लोग एकजुट होकर अपनी परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।


More Stories
माचलपुर में नवरात्रि–दशहरा की तैयारियों पर प्रशासन अलर्ट, बुलेट के पटाखे और तेज रफ्तार पर होगी सख्ती।
लो अब कलेक्टर महोदय भी नहीं रहे फर्जी आईडी से अछूते, फोटो चुराकर बनाई फर्जी फेसबुक आईडी, लोगों से मांगे जा रहे पैसे।
तकनीक ने खोज निकाले 251 गुम मोबाइल, राजगढ़ पुलिस ने लौटाई ₹41.34 लाख की संपत्ति।